बैंक कर्मियों की धोखाधड़ी का खुलासा : दंपत्ति के 40 लाख सहित लाखों रुपये गबन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

धरसींवा (रायपुर ग्रामीण)। आईडीबीआई बैंक शाखा चरौदा में ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी और लाखों रुपये गबन करने के मामले में धरसींवा पुलिस ने दो बैंककर्मियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने विश्वास में लेकर ग्राहकों से ब्लैंक चेक लेकर उनके खातों से लाखों रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी नरेन्द्र वर्मा ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका तथा उसकी पत्नी मनीषा वर्मा का आईडीबीआई बैंक शाखा चरौदा में खाता है। दोनों खातों में कुल 40 लाख रुपये (20-20 लाख रुपये) जमा थे। उक्त राशि को फिक्स डिपॉजिट कराने के उद्देश्य से वह बैंक में पदस्थ कर्मचारी राजा खुंटे से मिला।

राजा खुंटे ने आधार कार्ड, पैन कार्ड की छायाप्रति और फिक्स डिपॉजिट खोलने के लिए ब्लैंक चेक की आवश्यकता बताते हुए प्रार्थी से दो चेक हस्ताक्षर करवा कर ले लिए। बाद में उसने फिक्स डिपॉजिट खोलने की पावती भी दे दी। वर्ष 2023 में प्रार्थी ने अपनी पत्नी की उपस्थिति में कुल 40 लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट के लिए राजा खुंटे को सौंप दिए।

2 मार्च 2026 को जब प्रार्थी को पैसों की जरूरत पड़ी और उसने फिक्स डिपॉजिट तोड़ने के लिए बैंक कर्मचारी से संपर्क किया तो आरोपी ने पैसे का हेरफेर होने की बात कही। इसके बाद जब प्रार्थी बैंक पहुंचा और खाते की जानकारी ली तो पता चला कि दिए गए ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर आरोपी ने विभिन्न तिथियों में खाते से 40 लाख रुपये निकाल लिए।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 124/26 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी राजा खुंटे (35 वर्ष) निवासी ग्राम जुनवानी जिला बलौदाबाजार, हाल पता महुआ चौक सिलयारी को गिरफ्तार कर लिया।

इसी प्रकार एक अन्य मामले में पुलिस ने दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी (30 वर्ष) निवासी ग्राम टेंगाभाठा थाना बेरला जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8 लाख 70 हजार रुपये तथा स्वाति वर्मा के खाते से 7 लाख रुपये, इस प्रकार कुल 15 लाख 70 हजार रुपये का गबन किया था।

धरसींवा पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *