
तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां अज्ञात साइबर ठगों ने एक युवती को फोन कॉल के माध्यम से झांसे में लेकर करीब 95 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने इस संबंध में तिल्दा-नेवरा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार कु. चांदनी वर्मा (23 वर्ष) निवासी ग्राम सरफोंगा, थाना तिल्दा-नेवरा को बीते दिनों अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन कर लालच दिया गया। फोन करने वालों ने युवती को बताया कि वह यदि उनके बताए अनुसार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करती है तो उसे सोने की ज्वेलरी और अन्य सामान कम कीमत में उपलब्ध कराया जाएगा।
ठगों ने युवती को तरह-तरह के प्रलोभन देकर विश्वास में लिया और अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाते रहे। बताया जाता है कि आरोपियों ने कई बार ट्रांजैक्शन करवाते हुए कुल मिलाकर करीब 95 हजार रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए।
जब युवती ने सामान भेजने की बात कही तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। इसके बाद युवती को एहसास हुआ कि उसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई है।
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत तिल्दा-नेवरा थाना में लिखित आवेदन देकर की है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के फोन कॉल या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या लेन-देन की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें।
