तिल्दा नेवरा से बाइक चोरी करने वाला आरोपी व खरीदार गिरफ्तार, 40 हजार की मोटर साइकिल बरामद

तिल्दा नेवरा-रायपुर। राजधानी रायपुर से मोटर साइकिल चोरी करने वाले आरोपी सहित खरीदार को तिल्दा पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए दोनों आरोपी तिल्दा नेवरा के ही निवासी हैं। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर चोरी हुई बाइक बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गुडियारी निवासी पंकज यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी 2024 को वह अपनी होंडा मोटर सायकल क्रमांक CG 04 ML 4723 से रेलवे स्टेशन गया था और प्लेटफॉर्म क्रमांक 07 के पास वाहन खड़ी कर अंदर गया था। लौटने पर मोटर साइकिल वहां से गायब मिली। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध पंजीबद्ध किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान टीम को चोरी की बाइक और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई। इस आधार पर तिल्दा नेवरा निवासी सोनू जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बाइक चोरी कर उसे उपकार देवार को बेचने की बात स्वीकार की।

टीम ने उपकार देवार को भी पकड़ा और उसके कब्जे से चोरी की हुई होंडा मोटर सायकल जिसकी कीमत लगभग 40,000 रुपये है, बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 411, 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी—

  1. सोनू जोशी, पिता रामनारायण जोशी, उम्र 32 वर्ष, निवासी जोड़ा जैतखंभ के पास, सतनामी पारा नेवरा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर।
  2. उपकार देवार, पिता नेमीचंद देवार, उम्र 43 वर्ष, निवासी दलाल तालाब के पास, तिल्दा नेवरा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर।

तिल्दा पुलिस की इस कार्रवाई से बाइक चोरी के मामलों में लगाम लगाने में सफलतापूर्वक एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *