गुरुदेव न्यूज की खबर का असर, ग्राम सभा ने उद्योग स्थापना के प्रस्ताव पर जताई आपत्ति

खसरा नंबर 253 की 10.349 हेक्टेयर भूमि पर उद्योग लगाने के प्रस्ताव का विरोध, तहसीलदार को सौंपा पत्र

गुरुदेव न्यूज की खबर का असर, ग्राम सभा ने उद्योग स्थापना के प्रस्ताव पर जताई आपत्ति

तिल्दा-नेवरा। ग्राम पंचायत छतौद में प्रस्तावित औद्योगिक स्थापना को लेकर गुरुदेव न्यूज द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर अब देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद ग्राम पंचायत छतौद की ओर से तहसीलदार तिल्दा-नेवरा को पत्र सौंपकर ग्राम सभा में लिए गए निर्णय एवं उद्योग स्थापना के प्रस्ताव पर दर्ज आपत्ति से अवगत कराया गया है।

ग्राम पंचायत छतौद के सरपंच ओमप्रकाश ध्रुव, उपसरपंच धनीराम साहू एवं सचिव मनहरण नायक द्वारा तहसीलदार को सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि ग्राम सभा की बैठक में खसरा नंबर 253, रकबा 10.349 हेक्टेयर भूमि पर उद्योग स्थापना के लिए आए प्रस्ताव पर चर्चा की गई।

पत्र के अनुसार उक्त भूमि पर एमएस इंगोट/बिलेट, स्टील प्रोडक्ट, फेरो एलॉय प्लांट सहित अन्य औद्योगिक गतिविधियां स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सामने आया था। ग्राम सभा में इस विषय पर उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद ग्राम सभा की सहमति से प्रस्तावित उद्योग स्थापना पर आपत्ति दर्ज की गई।

ग्राम पंचायत ने उद्योग स्थापना पर रोक की मांग की

ग्राम पंचायत द्वारा तहसीलदार को दिए गए पत्र में मांग की गई है कि ग्राम छतौद में कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं किया जाए तथा संबंधित भूमि को उद्योग स्थापना के लिए आवंटित नहीं किया जाए। पंचायत ने ग्राम सभा में लिए गए निर्णय के आधार पर प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

खबर के बाद प्रशासन तक पहुंचा मामला

गौरतलब है कि गुरुदेव न्यूज ने ग्राम छतौद में प्रस्तावित उद्योग स्थापना को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति और ग्राम सभा में उठे मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशन के बाद मामले को लेकर हलचल बढ़ी और अब ग्राम पंचायत द्वारा आधिकारिक रूप से तहसीलदार को पत्र सौंपे जाने से मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच गया है।

अब ग्राम सभा के निर्णय और पंचायत की आपत्ति के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है। फिलहाल ग्राम पंचायत ने अपने पत्र के माध्यम से प्रस्तावित औद्योगिक स्थापना को लेकर स्पष्ट आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *