
फोन कॉल की रिकॉर्डिंग सामने आने का दावा, सुरक्षा को लेकर उठे गंभीर सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। IAN24 से जुड़े पत्रकार वकार अली को कथित रूप से फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पत्रकार जगत में चिंता और आक्रोश का माहौल है। वकार अली ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वकार अली का आरोप है कि मोबाइल नंबर 9243845004 से आए एक फोन कॉल में स्वयं को शशांक सिंह ठाकुर बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें गंभीर धमकी दी। पत्रकार के मुताबिक, कॉल करने वाले ने कहा कि वह पैसे लेकर लोगों का “गेम बजाता” है और अगला निशाना वकार अली होंगे। साथ ही पत्रकारिता करने पर भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
वकार अली का कहना है कि इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे उन्होंने जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यह केवल उन्हें व्यक्तिगत रूप से डराने का प्रयास नहीं, बल्कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिश भी है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस व्यवस्था लागू है। इसके बावजूद यदि किसी पत्रकार को खुलेआम कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलती है, तो यह कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकार संगठनों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्र भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी पत्रकार को उसके पेशेगत दायित्वों के कारण धमकाना स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा वकार अली की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
