
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध शराब और दोपहिया वाहन सहित गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 46 नग पाव देशी मदिरा मसाला (सवा शेरा) बरामद कर जप्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 8.28 बल्क लीटर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सचिव आबकारी सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह एवं प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर श्री राजेश शर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ग्राम खपरीकला के बड़ा तालाब के पास मुखबिर से सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी पुरुषोत्तम बंजारे पिता आनंद बंजारे निवासी खपरीकला, तिल्दा को नीले रंग की सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन में अवैध रूप से शराब परिवहन करते पकड़ा गया। तलाशी लेने पर वाहन से 46 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। आबकारी विभाग ने मौके पर ही शराब एवं वाहन को जप्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पूरे प्रकरण का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा किया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा, आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेन्द्र मिश्रा एवं वाहन चालक रेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
