ऑपरेशन निश्चय” के तहत तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NDPS मामले में फरार आरोपी सलमान खान गिरफ्तार73 किलो गांजा, प्रतिबंधित टैबलेट और हथियार मामले में लगातार कार्रवाई जारी

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नारकोटिक एक्ट के एक बड़े मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर एक बार फिर मादक पदार्थ कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। थाना तिल्दा-नेवरा के अपराध क्रमांक 41/26 धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 सासाहोली स्थित अटल निवास में रेड कार्रवाई की गई थी। इस दौरान महिला आरोपी मधु मिश्रा पति परस मिश्रा उम्र 30 वर्ष निवासी सासाहोली को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा, 790 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन टेबलेट, नगद 1 लाख 87 हजार रुपये, 6 मोबाइल फोन, 1 टैब एवं 3 बटनदार चाकू बरामद किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 41 लाख 75 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर उड़ीसा निवासी प्रणब कुमार नाइक एवं सफीकुल रहमान खान को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को चिन्हांकित किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रणब कुमार नाइक एवं सफीकुल रहमान के साथ मिलकर मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट सप्लाई करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति रिट्ज कार क्रमांक CG07 MA 0858, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है, को भी जब्त किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और एंड-टू-एंड जांच के तहत अन्य संलिप्त आरोपियों की भी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:
खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान पिता याकूब खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 9, मकदूम नगर धरसीवा, थाना धरसीवा जिला रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *