पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल की मौजूदगी में देवरी में धूमधाम से मनी बाबा साहेब अंबेडकर जयंती

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा समीपस्थ ग्राम पंचायत देवरी में भारतरत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति पूरे आयोजन का केंद्र रही।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की। इस दौरान ग्रामवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में अनिल अग्रवाल ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि “डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को शिक्षा, संगठन और संघर्ष का जो संदेश दिया, वह आज भी हर वर्ग के लिए मार्गदर्शक है।”

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के जरिए देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की मजबूत नींव दी, जिसकी बदौलत आज हर नागरिक को अपने अधिकार मिले हैं। अनिल अग्रवाल ने युवाओं से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति और उनके ओजस्वी विचारों ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में ‘जय भीम’ के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *