
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आई, जिनके नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध मदिरा जब्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिव सह आबकारी आयुक्त सुश्री आर. संगीता, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश एवं प्रभारी उपायुक्त आबकारी श्री राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में 3 मई 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान रायपुर-बिलासपुर हाईवे स्थित ग्राम बेमता (थाना तिल्दा) में ताज ढाबा के समीप एक पान ठेले पर अवैध रूप से शराब रखे होने की सूचना मिली।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी सुनील कुमार देवांगन (निवासी सिमगा, जिला बलौदा बाजार) के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई।
जब्त सामग्री में 5 बोतल बुडवाइज़र मैग्नम बीयर, 2 बोतल आल सीजन, 2 बोतल RS, 3 पाव गोल्डन टच, 2 पाव RC, 2 पाव 20-20 व्हिस्की, 2 पाव जिप्सी, 2 पाव फ्रंटलाइन ब्लू एवं 3 पाव 7PM व्हिस्की शामिल हैं। कुल मिलाकर 5.52 बल्क लीटर विदेशी व्हिस्की एवं 3.25 बल्क लीटर बीयर (कुल 8.77 बल्क लीटर) जब्त की गई।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई का संचालन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा किया गया, जिनकी सक्रियता और तत्परता से अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली। कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा एवं वाहन चालक रेवाराम का भी विशेष योगदान रहा।
क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि आबकारी विभाग अवैध मदिरा के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।
