
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
थाना तिल्दा-नेवरा में 14 अप्रैल 2026 को स्वामी आत्मानंद स्कूल तिल्दा-नेवरा की लगभग 55 छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने थाना परिसर पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और कानून व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों, कर्तव्यों और देश सेवा की भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाने का भी कार्य करती है।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने आगतुक कक्ष, मालखाना, बंदी गृह, कंप्यूटर कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष सहित थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया। उन्हें हथियारों, वायरलेस सिस्टम, पुलिस सुरक्षा कवच, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कार्यों की जानकारी भी दी गई।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा, अनैतिक व्यापार अधिनियम के कानूनी प्रावधान, महिला डेस्क, परिवार परामर्श केंद्र और निर्भया पेट्रोलिंग जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं के साथ हिंसा को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी।
इसके अलावा उन्होंने ट्रैफिक नियम, महिला अधिकार, सुरक्षा से जुड़े अधिकार और कर्तव्यों पर भी छात्राओं को विस्तार से समझाया। थाना प्रभारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या समस्या सामने आए तो वे निर्भीक होकर स्कूल के सूचना बॉक्स में लिखकर जानकारी दें या सीधे पुलिस से संपर्क करें।
इस मौके पर आत्मानंद स्कूल के शिक्षक तोरण चक्रधारी एवं वेद प्रकाश साहू भी मौजूद रहे। थाना भ्रमण के बाद छात्राओं ने पुलिस की कार्यशैली को करीब से समझने पर उत्साह जताया और थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के मार्गदर्शन की सराहना की।
यह पहल छात्राओं में कानूनी जागरूकता, आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
