
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा सहकारी समिति अंतर्गत नेवरा मंडी स्थित धान खरीदी केंद्र में आज शनिवार, 15 नवंबर को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। खरीदी के पहले दिन किसानों में उत्साह दिखाई दिया और सुबह से ही तौल प्रक्रिया प्रारंभ हो गई।
इस अवसर पर तिल्दा जनपद सदस्य देवव्रत (गोलू) शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खरीदी केंद्र की पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। गोलू शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर किसान को उसका उचित मूल्य समय पर मिले, और इसके लिए खरीदी केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएँ सुदृढ़ की गई हैं।

इसके साथ ही कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष सौरभ जैन ने भी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने खरीदी केंद्र में किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलती है और प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने किसानों की समस्याओं को तत्काल समाधान कराने का भरोसा भी दिलाया।
खरीदी शुभारंभ कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष मनहरण वर्मा, मनोज निषाद, अमरजीत पासवान, तिल्दा पटवारी अखिलेश भगाकर, नेवरा पटवारी श्री प्रसाद, तथा कृषकगण तेज प्रताप वर्मा, नूर अहमद रिजवी, नरेंद्र साहू, भास्कर वर्मा, राजेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
केंद्र में तौल मशीन, बोरी उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, टोकन सिस्टम सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारू और बिना किसी बाधा के निरंतर जारी रहेगी।
