दीनदयाल चौक पर देर रात सघन वाहन चेकिंग अभियान, उप निरीक्षक विकास देशमुख के नेतृत्व में पुलिस सक्रिय

तिल्दा-नेवरा। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा देर रात विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना तिल्दा के उप निरीक्षक विकास देशमुख के नेतृत्व में दीनदयाल चौक पर यह अभियान देर रात तक जारी रहा, जिसमें पुलिस की सक्रियता साफ तौर पर नजर आई।

अभियान के दौरान चौक से गुजरने वाले सभी चार पहिया वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम ने ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवर स्पीडिंग, संदिग्ध गतिविधियों एवं दस्तावेजों की जांच पर विशेष फोकस रखा। हर वाहन की डिक्की खुलवाकर तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री, नशीले पदार्थ या आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

इस दौरान कई वाहन चालकों को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर समझाइश दी गई, वहीं कुछ मामलों में वैधानिक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उप निरीक्षक विकास देशमुख ने कहा कि “शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। देर रात इस प्रकार के चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवर स्पीडिंग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

पुलिस की इस मुहिम से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान आम नागरिकों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की और इसे शहर की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे अपराधों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *