तिल्दा-नेवरा में दूसरे दिन भी जारी रही बुलडोजर कार्रवाई, दुकानदारों को दी गई सख्त चेतावनी

तिल्दा-नेवरा नगर पालिका द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शुरू की गई कार्रवाई गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को शुरू हुए अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने मुख्य मार्गों पर दुकानों के बाहर बने अवैध शेड (छज्जों) को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया था।

गुरुवार को भी नगर पालिका अमला सक्रिय नजर आया। इस दौरान पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर पुनः बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, शहर में बढ़ते अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था लगातार बाधित हो रही थी। मुख्य सड़कों पर दुकानों के बाहर बढ़ते शेड और अवैध निर्माण से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के समाधान के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष खुमान चंद्रकला वर्मा ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वेच्छा से अपने-अपने अतिक्रमण हटा लें। उन्होंने कहा कि “शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और हादसों की आशंका भी बनी रहती है। विशेष रूप से दिलदार नेवरा क्षेत्र में नालियों के ऊपर बने शेड और अवैध निर्माण खतरनाक स्थिति पैदा कर रहे हैं। सभी दुकानदारों को दो दिन का समय दिया जा रहा है, इसके बाद पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल ने भी बाजार क्षेत्र में व्यापारियों से रूबरू मुलाकात कर उनसे सहयोग की अपील की। उन्होंने व्यापारियों को समझाते हुए कहा कि “हमारा उद्देश्य किसी का व्यापार प्रभावित करना नहीं है, लेकिन शहर की व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया है। आप सभी स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाएं, ताकि कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर पालिका का उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जेसीबी के माध्यम से कार्रवाई जारी रहेगी।

पालिका की इस कार्रवाई से जहां एक ओर शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं कुछ व्यापारियों में असंतोष भी देखा जा रहा है। हालांकि प्रशासन अपने निर्णय पर कायम है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज होने के संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *