
तिल्दा-नेवरा।
अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने गांजा परिवहन करते हुए एक आरोपी को धर-दबोचा, जिसके कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ लेकर तिल्दा की ओर आ रहा है। सूचना पर तत्काल हरकत में आते हुए पुलिस टीम ने चलित नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर विधिवत तलाशी ली।
2 किलो 770 ग्राम गांजा और अपाचे बाइक जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 02 किलो 770 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 NZ 9660) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब ₹1,35,000 मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी का नाम गोलू देवार, पिता ननकु दाउ देवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) बताया गया है।
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 539/2025, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशों पर हुई।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकान्त तिवारी के नेतृत्व में सउनि शंकर लाल वर्मा, प्रधान आरक्षक जालम साहू, राजेश सिकरवार, आरक्षक संदीप सिंह, कुलदीप वर्मा, किशोर शर्मा, जितेन्द्र सोनी, महिला आरक्षक पूजा वर्मा तथा साइबर सेल से सउनि गेंदूराम नवरंग और कृपासिंधु पटेल की टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
ऑपरेशन ‘निश्चय’ जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत अभियान लगातार जारी है और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
