
तिल्दा-नेवरा में सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पिछले दिनों कोहका नेवरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े सटोरिये को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपए नगद, कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जप्त की थी।
इसी कार्रवाई के बाद से शहर में चर्चाओं का बाज़ार खासा गर्म है। बताया जा रहा है कि आज एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम तिल्दा पहुंची, जहां टीम ने करीब कई घंटे तक सट्टे के मामलों में संलिप्त लोगों से पूछताछ की।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान तिल्दा-नेवरा के कई लोगों के नाम भी सामने रखे हैं। इसके बाद पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं और संबंधित व्यक्तियों की तलाश में टीम सक्रिय दिखाई दे रही है।
शहर में यह भी चर्चा है कि आज पुलिस द्वारा कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाकर ले जाया गया है, हालांकि इसे लेकर अधिकृत पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से आगे बढ़ाती है। क्या कार्रवाई आरोपियों तक पूरी तरह पहुंचेगी, या फिर राजनीतिक व अन्य दबावों के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा—यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
