
नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, बधाइयों का लगा तांता
तिल्दा नेवरा। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को डिजिटल स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भाजपा आईटी सेल रायपुर ग्रामीण की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई के निर्देशानुसार तथा भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग एवं जिला आईटी सेल संयोजक हितेश मंडाई की सहमति से जारी सूची में तिल्दा नेवरा शहर मंडल के लिए राकेश कमलानी को भाजपा आईटी सेल का संयोजक नियुक्त किया गया है।

राकेश कमलानी को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद तिल्दा नेवरा के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। संगठन ने उन पर पार्टी की डिजिटल गतिविधियों को सशक्त बनाने, सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन के कार्यक्रमों और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस नियुक्ति पर भाजपा रायपुर ग्रामीण के जिला उपाध्यक्ष सागर पंजवानी ने राकेश कमलानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में तिल्दा नेवरा शहर मंडल की आईटी सेल और अधिक सक्रिय होकर संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगी।
इसके अलावा भाजपा नेता सौरभ जैन सहित अनेक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी राकेश कमलानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नवनियुक्त संयोजक राकेश कमलानी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला आईटी सेल संयोजक हितेश मंडाई एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए भाजपा की नीतियों, उपलब्धियों और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए वे पूरी टीम के साथ निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि राकेश कमलानी के नेतृत्व में तिल्दा नेवरा शहर मंडल की भाजपा आईटी सेल संगठनात्मक और डिजिटल गतिविधियों में नई पहचान स्थापित करेगी।
