अब तिल्दा-नेवरा में चलेगा स्वच्छता अभियान, CMO ने संभाला मोर्चा — साइकिल से वार्डों में पहुंचकर ले रहे जायजा

तिल्दा-नेवरा। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। CMO प्रतिदिन सुबह अपनी स्पोर्ट्स साइकिल से शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति, अवैध निर्माण एवं नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मिलने वाली समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। CMO ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर बनाने में नगर पालिका के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। कचरा सड़कों और नालियों में न डालकर केवल कचरा संग्रहण वाहन को दें।

शहर की बेहतर निगरानी के लिए प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो प्रतिदिन निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। पिछले एक माह में सड़क पर मलबा डालने, नाली जाम करने और नियम विरुद्ध निर्माण करने वालों सहित करीब 100 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

साथ ही नगर में चिन्हित किए गए करीब 950 अवैध नल कनेक्शनों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। CMO ने कहा कि जल्द ही “नुक्कड़ पर चर्चा” अभियान शुरू कर नागरिकों के सुझावों से तिल्दा-नेवरा को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

CMO ने अपील की— “स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर तिल्दा-नेवरा का सपना सभी के सहयोग से ही पूरा होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *