मंत्री टंक राम वर्मा के निर्देश के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाईBNB हाई स्कूल से कॉलेज मार्ग पर बन रही तीन अवैध दुकानों को तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने तुड़वाया

तिल्दा-नेवरा। कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा सुशासन त्यौहार के दौरान अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद तिल्दा-नेवरा में प्रशासन लगातार एक्शन में दिखाई दे रहा है। बुधवार देर शाम तहसीलदार रामप्रसाद बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और BNB हाई स्कूल से कॉलेज मार्ग के बीच सरकारी जमीन पर बन रही तीन अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर अवैध रूप से दुकान निर्माण का कार्य चल रहा था। शिकायत मिलने के बाद तहसील प्रशासन ने स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें सरकारी भूमि पर कब्जा कर निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन तीन दुकानों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा ताकि किसी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

मंत्री टंक राम वर्मा ने दिए सख्त निर्देश

कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री ने एसडीएम और तहसील प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था।

मंत्री वर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि

सरकारी जमीन जनता की संपत्ति है। कोई भी व्यक्ति उस पर कब्जा कर बेचने या निर्माण करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।”

आगे भी जारी रहेगा अभियान

तहसील प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

लोगों ने की कार्रवाई की सराहना

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे थे। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार सख्ती जारी रही तो शहर में अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *