
रायपुर। सचिव सह आबकारी आयुक्त सुश्री आर. संगीता, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर श्री राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने तिल्दा-नेवरा एवं खरोरा क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया।
दिनांक 17/01/2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 09, गांधी वार्ड, पुरानी बस्ती, तिल्दा-नेवरा में दबिश दी गई, जहां आरोपी नंदकुमार धृतलहरे पिता ठाकुरराम धृतलहरे के रिहायशी मकान से अवैध रूप से धारण की गई 42 नग पाव देशी मदिरा मसाला “शोले” बरामद की गई।
इसी तरह ग्राम बुड़ेनी थाना खरोरा में आरोपी प्रकाश पारधी पिता खेलन पारधी के मकान पर दबिश देते हुए कुल 44 नग पाव देशी मदिरा मसाला “सवा शेरा” जप्त की गई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।
मेधा मिश्रा का उल्लेखनीय योगदान – कार्रवाई की अगुवाई की
इस पूरी कार्रवाई की कमान आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा के नेतृत्व में संभाली गई।
मेधा मिश्रा ने न सिर्फ दोनों स्थानों पर दबिश की कार्रवाई को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संचालित किया, बल्कि अवैध मदिरा नेटवर्क पर नकेल कसने में मार्गदर्शी भूमिका निभाई। इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक सिल्विया सुमन भी शामिल रहीं।
ओवररेटिंग पर भी बड़ी कार्रवाई
तिल्दा-खरोरा क्षेत्र में कुछ समय से मिल रही ओवररेटिंग की शिकायतों पर भी विभाग सक्रिय हुआ।
शासकीय मदिरा दुकान टंडवा में शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर मदिरा बेचते पाए जाने पर एक विक्रयकर्ता के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे तत्काल सेवा से पृथक किया गया।
मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा का भी विशेष योगदान
कार्रवाई के दौरान तैयार की गई टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने ऑपरेशन में सक्रिय भूमिका निभाई।
