
तिल्दा-नेवरा।
टंडवा शासकीय स्कूल में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन केंद्र में रहीं। उनके नेतृत्व में बच्चों को राष्ट्रगीत के महत्व से अवगत कराया गया और देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत संदेश दिए गए।
ग्राम टंडवा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों के बीच रानी सौरभ जैन ने पहुँचकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया। कार्यक्रम में उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र शर्मा, शाला विकास समिति के अध्यक्ष दुष्यन्त वर्मा, भाजपा तिल्दा शहर मंडल के उपाध्यक्ष सौरभ जैन तथा तिल्दा ग्रामीण मंडल के मंडल उपाध्यक्ष डाकेश्वर साहू उपस्थित रहे।
अपने प्रेरक उद्बोधन में रानी सौरभ जैन ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर छात्रों, शिक्षकों व ग्रामीणों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह राष्ट्रगीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्तों में जोश जगाने वाला गीत रहा है। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता अपनाने और एक-एक पेड़ लगाने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने यह भी बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में उन्होंने 15,000 बच्चों से मिलने का संकल्प लिया है, जिसमें से 5,000 बच्चों से मुलाकात का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य श्रीमती पापिया बनर्जी, एसएमडीसी अध्यक्ष दुष्यन्त वर्मा, शिक्षक भागवत सोनी, सुधा सेतपाल, जीवन लाल देवांगन, राकेश वर्मा सहित दोनों स्कूलों के सभी छात्र-छात्राएँ एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
