तिल्दा-नेवरा में 13 एवं 14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, रानी सौरभ जैन ने की नगरवासियों से शामिल होने की अपील

तिल्दा-नेवरा में 13 एवं 14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, रानी सौरभ जैन ने की नगरवासियों से शामिल होने की अपील

बी.एन.बी. ग्राउंड में जुटेंगे प्रदेशभर के खिलाड़ी, नगर को मिलेगी खेल जगत में नई पहचान

तिल्दा-नेवरा। नगर में 13 एवं 14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 13 अक्टूबर को तिल्दा-नेवरा स्थित बी.एन.बी. ग्राउंड में होगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के महाविद्यालयों के 12 सेक्टरों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

मंत्री टंकराम वर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

नगर के लिए गौरव का अवसर : रानी सौरभ जैन

वार्ड क्रमांक 21, मिशन वार्ड की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा, तिल्दा-नेवरा शहर मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को नगर के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा में प्रदेश स्तरीय खेल आयोजन होना नगर की पहचान और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है।

उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से स्थानीय युवाओं को भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

नगरवासियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील

रानी सौरभ जैन ने नगर के युवाओं, खेलप्रेमियों एवं समस्त नागरिकों से 13 और 14 अक्टूबर को बी.एन.बी. ग्राउंड पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सहभागिता से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग मिलेगा।

उन्होंने नागरिकों से एकजुट होकर अतिथि-सत्कार और खेल भावना की परंपरा का परिचय देने का आह्वान किया। राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन से तिल्दा-नेवरा को प्रदेश के खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *