
वैगनआर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, तिल्दा-नेवरा पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई
तिल्दा-नेवरा। नगर के कोटा रोड स्थित कुरैशी टेंट के सामने सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वैगनआर कार क्रमांक CG 04 M 6214 और बलेनो कार क्रमांक CG 04 QV 2446 के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि बलेनो वाहन अपनी दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान वैगनआर चालक द्वारा कथित तौर पर सड़क की लेन का ध्यान नहीं रखते हुए वाहन आगे बढ़ाया गया, जिसके चलते बलेनो कार से टक्कर हो गई। घटना के बाद दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जानकारी ली गई तथा दुर्घटना के संबंध में पूछताछ की गई।
बलेनो चालक पक्ष की ओर से वैगनआर चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। वहीं पूरे मामले में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी।
