
तिल्दा-नेवरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, समझाइश के बाद भी विवाद बढ़ाने पर की गई वैधानिक कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा। थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पारिवारिक मनमुटाव एवं आपसी विवाद के चलते लड़ाई-झगड़े की स्थिति निर्मित होने पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा विवाद को गंभीर रूप लेने से रोकना रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंगोरी एवं शीतला पारा नेवरा में पारिवारिक विवाद एवं आपसी मनमुटाव के कारण लड़ाई-झगड़ा होने तथा परिशांति भंग होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों को आपसी विवाद समाप्त कर शांति बनाए रखने की समझाइश दी गई। इसके बावजूद संबंधित व्यक्तियों द्वारा अत्यधिक उग्र होकर दोबारा आपस में मारपीट करने एवं विवाद बढ़ाने की स्थिति निर्मित होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोकने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया। मामले में माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद चारों व्यक्तियों को जेल निरुद्ध किया गया।
इन चार व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई
- राजू बघेल, पिता मंगलू बघेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम चंगोरी, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- श्रीमती रिखी बाई बघेल, पति मंगलू बघेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम चंगोरी, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- श्रीमती सावित्री बघेल, पति राजू बघेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम चंगोरी, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- जितेन्द्र कुमार साहू, पिता राजकुमार साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, शीतला पारा नेवरा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की लगातार कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक या आपसी विवाद को समय रहते नियंत्रित करना आवश्यक है, ताकि विवाद आगे चलकर गंभीर मारपीट अथवा किसी अप्रिय घटना का रूप न ले। इसी उद्देश्य से पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर पहले समझाइश दी जाती है और समझाइश के बावजूद स्थिति बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाती है।
तिल्दा-नेवरा पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में शांति भंग करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
