
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
तिल्दा-नेवरा। थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने युवती के घर में जबरन प्रवेश कर उसके साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करने तथा विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को प्रार्थिया ने थाना तिल्दा-नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि होमेश गिरी गोस्वामी उर्फ होमू कथित रूप से जबरन उसके घर में प्रवेश कर गया और उसके साथ आपत्तिजनक एवं अश्लील हरकत करने लगा। युवती द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपी द्वारा उसके साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 370/2026 दर्ज किया। प्रकरण में धारा 331(3), 296, 74, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होमेश गिरी गोस्वामी उर्फ होमू, पिता उमेश गिरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, शिक्षक कॉलोनी, तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है। घटना के संबंध में सामने आए आरोपों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
