
तिल्दा-नेवरा। रायपुर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तिल्दा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9.18 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला बरामद कर जप्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिव आबकारी सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश एवं प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर डॉ. प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में 1 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग को मिली सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 2, ग्राम ताराशिव, थाना तिल्दा निवासी संजय वर्मा पिता प्रहलाद वर्मा के रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान वहां से 51 पाव (सवा शेरा) देशी मदिरा मसाला, जिसकी कुल मात्रा 9.18 बल्क लीटर है, बरामद कर जप्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस मामले का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा (वृत्त तिल्दा) द्वारा किया गया।
उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रीति कुशवाहा, आबकारी आरक्षक जितेन्द्र मिश्रा, अमिताभ ध्रुव, कृष्णकांत गढ़ेवाल, रूपाली तिवारी तथा वाहन चालक रेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
