
सूत्रों का दावा—कटिंग और ओवररेटिंग का खेल अधिकारियों की कथित मिलीभगत से जारी, उपभोक्ताओं में नाराजगी
तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा ब्लॉक की कुछ शासकीय शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने के आरोप सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कई दुकानों पर ग्राहकों से एमआरपी से अधिक राशि ली जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सूत्रों का कहना है कि शराब दुकानों में कथित तौर पर “कटिंग” और ओवररेटिंग का खेल लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें सामने आने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ग्राहकों का आरोप है कि निर्धारित दर पर शराब उपलब्ध नहीं कराई जाती और विरोध करने पर संतोषजनक जवाब भी नहीं मिलता।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित आबकारी विभाग के अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा सभी शराब दुकानों पर निर्धारित दर सूची का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
