
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर महिला से गाली-गलौज और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाना तिल्दा-नेवरा का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश बताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को तुलसी नेवरा निवासी भगवती यादव उर्फ संजय उर्फ पोंगा यादव ने प्रार्थिया मनीषा वर्मा से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
महिला की शिकायत पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत धारा 119(1), 296, 115(2), 351(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र में पहले से है बदमाश की छवि
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी क्षेत्र में पहले से ही गुंडागर्दी और विवादों के लिए बदनाम रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में भी उसका नाम सूचीबद्ध बदमाशों में शामिल बताया जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
