
तिल्दा-नेवरा, रायपुर ग्रामीण।
क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 पौवा देशी मसाला शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोपेड भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा नेवरा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोपेड क्रमांक CG 04 QL 2144 में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर सासाहोली की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध मोपेड को रोका, जिसमें सवार देवेन्द्र साहू (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07 नेवरा और करण कोसले (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04 तिल्दा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 100 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये आंकी गई है। साथ ही करीब 1,20,000 रुपये की मोपेड भी जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर माननीय न्यायालय के आदेशानुसार दोनों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
लगातार जारी है सख्त अभियान
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई है, जिसके तहत क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक राजेश सिकरवार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप
तिल्दा-नेवरा पुलिस की इस लगातार सख्ती से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
