
तिल्दा-नेवरा शहर में आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊंचाई देने हेतु 31 मार्च 2026, मंगलवार को भव्य ‘हरे माधव सत्संग’ का आयोजन किया जा रहा है। जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वरशाह साहिब जी की पावन हजूरी में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम को लेकर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति के अनुसार सत्संग का शुभारंभ शाम 6 बजे से सौरभ पार्क, खुशी हॉस्पिटल के बाजू में, संत कंवर राम चौक, तिल्दा (छत्तीसगढ़) में किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
सत्संग में सतगुरु परंपरा के महान संतों—बाबा माधवशाह, बाबा नारायणशाह, बाबा गोविंदशाह एवं बाबा मनोहरशाह—की शिक्षाओं, भजनों और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। भक्ति, सेवा, प्रेम और मानवता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य इस आयोजन का प्रमुख केंद्र रहेगा।
समाजसेवी मोतीराम देवानी ने जानकारी देते हुए कहा कि यह सत्संग तिल्दा-नेवरा के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अवसर है। उन्होंने शहरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार सहित पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि शाम 6 बजे से प्रारंभ होने वाले इस भव्य सत्संग में शामिल होकर श्रद्धालु आत्मिक शांति और सतगुरु कृपा का लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम के पश्चात रात्रि में भंडारा प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शहर में इस आयोजन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और श्रद्धालुओं में दिन-प्रतिदिन उत्साह बढ़ता जा रहा है। अनुमान है कि इस भव्य ‘हरे माधव सत्संग’ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, जिससे तिल्दा-नेवरा भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में सराबोर नजर आएगा।
