
तिल्दा नेवरा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री करते पाए गए आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के दौरान एवन कुमार साहू (45 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21 सासाहोली के कब्जे से 60 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला, कुलेश्वर कुमार चतुर्वेदी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05 छपोरा के कब्जे से 40 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला तथा पीयूष वैष्णव (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17 तिल्दा के पास से 45 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला एवं 1000 रुपये नगद जप्त किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
