
तिल्दा-नेवरा।
स्थानीय युवा पंकज सेतपाल ने क्षेत्र का नाम एक बार फिर रोशन किया है। तिल्दा-नेवरा के होनहार बेटे को जिला खाद्य अधिकारी पद के लिए चयनित किया गया है, जिसके बाद उन्होंने मुंगेली जिले में अपनी नई जिम्मेदारियों का कार्यभार संभाल लिया है। उनके चयन की खबर मिलते ही तिल्दा-नेवरा में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई।
पंकज सेतपाल, पिता राजेश सेतपाल के सुपुत्र हैं और लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे सिंधी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों को गौरवान्वित किया है। तिल्दा-नेवरा के नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़े सम्मान के रूप में देखा है, क्योंकि स्थानीय स्तर से एक युवक का इतने महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद तक पहुँचना प्रेरणादायी माना जा रहा है।
मुंगेली में पदभार ग्रहण करते समय उनके साथियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पंकज ने कहा कि वे आम जनता तक खाद्य सुरक्षा योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
तिल्दा-नेवरा के सामाजिक जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाजों एवं स्थानीय युवाओं ने पंकज सेतपाल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
