
तिल्दा-नेवरा।
पूज्य सिंधी पंचायत तिल्दा-नेवरा के अध्यक्ष पद का चुनाव आज रविवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समाज के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 4 बजे मतदान समाप्त हुआ, जिसके पश्चात शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ की गई। मतगणना पूरी होते ही देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए।
शमनलाल खूबचंदानी को फिर मिला समाज का भरोसा
मतगणना के दौरान शमनलाल खूबचंदानी ने 683 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर स्पष्ट बहुमत से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी लक्ष्मीचंद्र नागवानी को 605 मत प्राप्त हुए, जबकि सुंदरलाल पंजवानी को 85 मत मिले। चुनाव प्रक्रिया में 07 मत निरस्त किए गए। इस प्रकार कुल 1380 मतों की गणना की गई।
पहले भी अध्यक्ष रहे, ईमानदारी और विश्वास ने दिलाई जीत
गौरतलब है कि शमनलाल खूबचंदानी इससे पूर्व भी पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पूर्व कार्यकाल को समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और विश्वास के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। यही वजह है कि समाज के लोगों ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। समाजजनों का कहना है कि उनका पिछला कार्यकाल पूरी तरह सफल और सेवा भाव से परिपूर्ण रहा, इसलिए उन्हें दोबारा यह अवसर मिला।
जीत के बाद भव्य स्वागत
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। शमनलाल खूबचंदानी को गुलाल लगाकर, माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने उन्हें बधाई दी।

झूलेलाल मंदिर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
विजय के उपरांत शमनलाल खूबचंदानी ने झूलेलाल मंदिर पहुंचकर झूलेलाल भगवान के चरणों में मत्था टेकते हुए समाज की खुशहाली और अपने आगामी कार्यकाल को सफल बनाने की कामना की।

विकास सुखवानी की रही अहम भूमिका
इस चुनाव में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी की भूमिका भी खास रही। उन्होंने पूरे चुनाव के दौरान सक्रिय रहकर मेहनत से प्रचार-प्रसार किया। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि विधानसभा, लोकसभा, नगर पालिका एवं नगर पंचायत चुनावों में विकास सुखवानी की रणनीति और मेहनत प्रत्याशियों की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
नए कार्यकाल से समाज को उम्मीदें
रविवार को हुए इस चुनाव के बाद पूज्य सिंधी पंचायत में खुशी और उत्साह का माहौल है। समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने उम्मीद जताई है कि एक बार फिर अध्यक्ष बने शमनलाल खूबचंदानी का कार्यकाल समाजहित, सेवा और विकास को नई दिशा देगा।

