
साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी, नागरिकों से अभियान में जुड़ने की अपील
तिल्दा-नेवरा। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” को लेकर तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने आम नागरिकों से विशेष रूप से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी से बचा सकती है।

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे रायपुर ग्रामीण पुलिस के साइबर जागृति अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और “साइबर जागरूक नागरिक” बनें। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल होने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक अथवा QR कोड स्कैन किया जा सकता है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रतिभागी की सेल्फी तैयार होगी, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर साइबर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाया जा सकता है।
थाना प्रभारी तिवारी ने नागरिकों को सलाह दी कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है।
उन्होंने कहा कि “साइबर जागृति अभियान” केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से सफल होने वाला जनजागरूकता अभियान है। नागरिक स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी की अपील—
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर जागरूक नागरिक बनें। साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाएं।”
