तिल्दा-नेवरा में पेट्रोल-डीजल की भीड़ के बीच पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने संभाला मोर्चा जाम की स्थिति में सड़क पर उतरे जवान, घंटों मशक्कत कर यातायात कराया सुचारु

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा शहर में शनिवार को पेट्रोल-डीजल भरवाने उमड़ी भारी भीड़ के कारण कई पेट्रोल पंपों के बाहर जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। ट्रकों, बसों और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें सड़क तक पहुंच गईं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख तिल्दा-नेवरा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत सक्रिय हुई और शहर की यातायात व्यवस्था संभालने सड़क पर उतर गई।

पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने अलग-अलग पेट्रोल पंपों के बाहर मोर्चा संभालते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगवाया। जवान लगातार सड़क पर मौजूद रहकर ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को किनारे करवाते रहे ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो। कई जगह पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर जाम की स्थिति नियंत्रित हो सकी।

ईंधन संकट और सीमित स्टॉक की चर्चाओं के बीच सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पहुंचने लगे थे। डीजल भरवाने पहुंचे ट्रक चालकों की कतारें दूर तक दिखाई दीं। कुछ स्थानों पर हालात ऐसे बन गए कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह वाहनों से भर गया। ऐसे समय में पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय रहकर ट्रैफिक को डायवर्ट करती रही और यातायात को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस जवानों ने लोगों को समझाइश देते हुए अनावश्यक भीड़ न लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की। पुलिस की तत्परता के चलते शहर में बड़ी अव्यवस्था की स्थिति बनने से बच गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर व्यवस्था संभालने से हालात नियंत्रण में रहे।

शनिवार को पेट्रोल पंपों के बाहर लगी लंबी कतारों के बीच तिल्दा-नेवरा पुलिस पेट्रोलिंग टीम पूरे दिन मुस्तैदी के साथ डटी रही और शहर की यातायात व्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाती नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *