
तिल्दा-नेवरा।
छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत में संगठनात्मक विस्तार के तहत एक बड़ी और महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा की गई है। महापंचायत के अध्यक्ष अमर गिदवानी की अनुशंसा पर महासचिव जितेंद्र बडवानी ने समाजसेवी विकास सुखवानी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इस नियुक्ति के बाद रायपुर से लेकर तिल्दा-नेवरा तक सिंधी समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
महापंचायत के प्रवक्ता दिनेश अठवानी द्वारा जारी नियुक्ति-पत्र में बताया गया कि प्रदेश स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक गतिविधियों को गति देने तथा सिंधी समाज की सेवा भावना को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मानना है कि विकास सुखवानी के अनुभव, सक्रियता और सरल व्यक्तित्व का लाभ पूरे प्रदेश में संगठन को मिलेगा।

तिल्दा-नेवरा में सिंधी समाज को जमीन दिलाने में रही अहम भूमिका
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सिंधी समाज के लिए स्थायी सामाजिक गतिविधियों और आयोजनों हेतु भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में भी विकास सुखवानी की भूमिका को बेहद अहम माना जाता है। समाजजनों के बीच यह चर्चा लंबे समय से रही है कि सिंधी समाज को जमीन आवंटन कराने की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय पहल, लगातार संपर्क और प्रभावी समन्वय का बड़ा योगदान रहा। इसी कारण स्थानीय समाज में उनकी छवि एक मजबूत और भरोसेमंद नेतृत्वकर्ता के रूप में बनी है।

मंत्री के करीबी, लेकिन पहचान समाजसेवा से
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विकास सुखवानी को मंत्रीगणों के करीबी के रूप में भी देखा जाता है, लेकिन उनकी असली पहचान हमेशा समाज सेवा, सहज व्यवहार और सभी वर्गों के लिए उपलब्ध रहने वाले व्यक्तित्व की रही है। तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों में जब भी किसी सामाजिक, धार्मिक या मानवीय सहयोग की जरूरत पड़ी, विकास सुखवानी ने हमेशा आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई है।
धन, मन और तन से समाज सेवा का उदाहरण
समाज के लोगों का कहना है कि विकास सुखवानी केवल पद तक सीमित व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे धन, मन और तन से समाज सेवा करने वाले समर्पित सेवक हैं। सिंधी समाज ही नहीं, बल्कि अन्य समाजों की छोटी-बड़ी समस्याओं में भी वे हमेशा खड़े नजर आते हैं। किसी परिवार की सहायता हो, सामाजिक आयोजन हो, जरूरतमंदों के लिए सहयोग हो या युवाओं को जोड़ने की पहल—हर क्षेत्र में उनकी सक्रियता सराहनीय रही है।
नियुक्ति से संगठन को मिलेगी नई दिशा
महापंचायत के पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठजनों ने उम्मीद जताई है कि विकास सुखवानी के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। प्रदेशभर में सिंधी समाज को संगठित करने, सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने और नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम होने की संभावना जताई जा रही है।
नियुक्ति की घोषणा के बाद तिल्दा-नेवरा, रायपुर और अन्य क्षेत्रों से समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। स्थानीय समाज में इसे तिल्दा-नेवरा के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
