
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने ऑपरेशन “निश्चय” के तहत अवैध शराब परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए दो अलग-अलग मामलों में 88 पौवा देशी मसाला शराब, बिक्री नगदी और दो मोपेड एक्टिवा वाहन जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा-नेवरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ताराशिव स्थित हर्षदीप पेट्रोल पंप के पास पूरन लाल वर्मा अपने एक्टिवा वाहन में भारी मात्रा में शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 पौवा देशी मसाला शराब, 600 रुपये बिक्री रकम और एक्टिवा क्रमांक CG 04 PT 8864 सहित गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 54,600 रुपये आंकी गई है।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम छपोरा निवासी गोविंदा चतुर्वेदी उर्फ भरत लाल एक्टिवा वाहन से अवैध शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को 40 पौवा देशी मसाला शराब और एक्टिवा क्रमांक CG 04 QJ 9397 सहित पकड़ लिया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर के निर्देश पर ऑपरेशन “निश्चय” के तहत अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। कार्रवाई में तिल्दा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आरोपी:
- पूरन लाल वर्मा (30), ग्राम ताराशिव
- गोविंदा चतुर्वेदी उर्फ भरत लाल (30), ग्राम छपोरा
