
तिल्दा-नेवरा, 22 फरवरी 2026।
संत निरंकारी मिशन शाखा तिल्दा द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत – स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ के अंतर्गत आज प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक वार्ड क्रमांक 02 स्थित जुना पेठू तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सतगुरु संदेश के साथ हुई, जिसके पश्चात सेवादारों ने उत्साहपूर्वक सफाई कार्य प्रारंभ किया। अभियान के दौरान तालाब परिसर, सड़कों तथा आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक, कचरा एवं गंदगी हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाया गया। इस सेवा कार्य में संत निरंकारी मिशन के 100 से अधिक सेवादारों ने श्रमदान किया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान में नगर पालिका से श्री खुमान वर्मा, पार्षद श्री ईश्वर यदु एवं पार्षद श्री राजेश कोटवानी ने भी सहभागिता निभाई। वार्डवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग करते हुए इस सेवा कार्य की सराहना की।
संत निरंकारी मिशन, ब्रांच–तिल्दा के मुखी श्री सुन्दर दास जैसवानी ने बताया कि संत निरंकारी मिशन प्रत्येक वर्ष सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ऐसे सेवा कार्य आयोजित करता है। ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का यह चौथा चरण है। इससे पूर्व भी मिशन द्वारा रेलवे स्टेशन, अस्पताल सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाते रहे हैं।
विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि यह आयोजन केवल तिल्दा-नेवरा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे भारत में 1500 से अधिक शहरों एवं गांवों में एक साथ ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का व्यापक संदेश फैलाया गया।
मिशन ने बताया कि बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का संदेश रहा है कि बाहरी और आंतरिक—दोनों प्रकार का प्रदूषण मानव जीवन के लिए हानिकारक है। वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज भी यही प्रेरणा दे रही हैं कि हमें अपने बाहरी वातावरण के साथ-साथ अपने विचारों और मन को भी स्वच्छ रखना चाहिए।
आज संपन्न स्वच्छता अभियान ने न केवल क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त करते हुए लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
