गुमटी नुमा होटल में अज्ञात व्यक्ति ने लगाई आग, एक बुजुर्ग घायल

तिल्दा बस्ती क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्थित एक गुमटी नुमा होटल में देर रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा देने की घटना सामने आई है। आगजनी में होटल पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं अंदर सो रहे एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 22 निवासी शकुन तिवारी द्वारा रेलवे फाटक के समीप चाय-नाश्ता एवं फल आदि की छोटी होटल संचालित की जाती थी। बुधवार देर रात्रि किसी अज्ञात व्यक्ति ने होटल में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा ढांचा और अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया।

घटना के समय होटल के अंदर रमेश दुबे (उम्र लगभग 55 वर्ष) सो रहे थे, जो आग की चपेट में आकर झुलस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और मिशन अस्पताल तिल्दा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि होटल संचालिका शकुन तिवारी अस्वस्थ बताई जा रही हैं। कुछ दिन पूर्व उनकी पुत्री के खिलाफ पुलिस ने घर से गांजा एवं नशीली टैबलेट बरामद कर मामला दर्ज किया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। हालांकि वर्तमान आगजनी की घटना का उक्त प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूचना मिलते ही देर रात नेवरा पुलिस एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आगजनी के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *