
तिल्दा-नेवरा।
स्थानीय रेलवे रैक पॉइंट क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
घटना की जानकारी मिलते ही उप निरीक्षक विकास देशमुख दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लेकर आमजन को दूर हटाया और फायर ब्रिगेड को तत्काल बुलाया।
इसी दौरान मौके पर सेंचुरी सीमेंट प्लांट और बजरंग पावर प्लांट की फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया।
घटना के समय ट्रक ड्राइवर आग की चपेट में आ गया और उसकी आंख में चोट आई, लेकिन समय रहते वह गाड़ी से कूद पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई। घायल ड्राइवर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
उप निरीक्षक विकास देशमुख की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आग अन्य वाहनों और रेलवे परिसर में फैलने से रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत कार्य न होता तो नुकसान कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।

