तिल्दा-नेवरा : मवेशियों की सड़क दुर्घटनाएँ रोकने प्रशासन सक्रिय — एक गोठान को बनाया जाएगा सुरक्षित पशु आश्रय

तिल्दा-नेवरा।
नगर में लगातार हो रही मवेशियों की सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए आज शुक्रवार को प्रशासन, पुलिस विभाग और स्थानीय सामाजिक संगठनों के बीच महत्वपूर्ण चर्चा आयोजित की गई। हाल ही में समाज सेवक युवराज शर्मा तथा धर्म सेना के सदस्यों द्वारा इस विषय पर चिंता जताई गई थी, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति की समीक्षा की।

चर्चा के दौरान सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, खरोरा थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल एवं सीएमओ अनीश ठाकुर उपस्थित रहे।
अग्रवाल होंडा के सामने साईं मंदिर चौक पर हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

इस दौरान समाज सेवक युवराज शर्मा ने बताया कि तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में गौ माता की सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। वाहनों की टक्कर से मवेशी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं, कई बार उनकी मृत्यु भी हो जाती है, परंतु इन दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि मवेशियों की जान बचाई जा सके और सड़क सुरक्षा भी बनी रहे। समाज सेवकों ने भी इस मुद्दे पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि तिल्दा-नेवरा अब एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बन गया है, जहाँ ट्रैफिक दबाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के संबंध में उच्च अधिकारियों से चर्चा की जा चुकी है और जल्द ही पुलिस मित्रों व ट्रैफिक पुलिस की सहायता से सड़क व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।

वहीं सीएमओ अनीश कुमार ठाकुर ने बताया कि तिल्दा के एक गोठान को भटकते मवेशियों के लिए सुरक्षित स्थान के रूप में तैयार किया जा रहा है। निर्माण पूरा होते ही मवेशियों को वहाँ सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाएँ कम होंगी।

चर्चा के दौरान समाज सेवक युवराज शर्मा,दीपक साहू, संदीप वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य— गौ माता की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुधारना— सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *