
तिल्दा-नेवरा। विकास मित्र मंडल द्वारा हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 26 सितंबर को भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। अग्रसेन चौक से शुरू हुई विसर्जन यात्रा में आकर्षक एवं अनोखी झांकियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। डीजे, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक गणपति बप्पा को विदाई देने पहुंचे।
विकास मित्र मंडल के प्रमुख विकास सुखवानी के नेतृत्व में आयोजित यह भव्य विसर्जन कार्यक्रम देर रात तक चला। यात्रा अग्रसेन चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए दीनदयाल उपाध्याय चौक पर रात्रि करीब 1:30 बजे समाप्त हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
आतिशबाजी के साथ दी बप्पा को भावभीनी विदाई
विसर्जन यात्रा के समापन अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और भावुक माहौल में भगवान श्री गणेश को विदाई दी। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के समक्ष अपनी मनोकामनाएं रखते हुए कहा कि “बप्पा, आपके दरबार में एक अर्जी छोड़ी है, हमारी अर्जी स्वीकार करना।” इसके कुछ ही समय बाद मौसम ने भी करवट ली और करीब पांच मिनट के भीतर बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही वहां मौजूद भक्तों के बीच भावनात्मक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे बप्पा की कृपा और अपनी प्रार्थना स्वीकार होने का आशीर्वाद माना।
हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ा रहा विकास मित्र मंडल
विकास मित्र मंडल द्वारा तिल्दा-नेवरा में हर वर्ष गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी गणेश विसर्जन को भव्य स्वरूप दिया गया। अनोखी झांकियों, आतिशबाजी, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली विसर्जन यात्रा ने पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना दिया।
अंत में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” का जयघोष करते हुए भगवान श्री गणेश को भावभीनी विदाई दी।

