
सड़क किनारे तेजी से बढ़ रहा था अतिक्रमण, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल के निर्देशन में तहसील अमले ने की कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा। ग्राम कोहका कॉलेज के आगे हाउसिंग बोर्ड के सामने सड़क किनारे लगातार बढ़ रही गुमटियों और अतिक्रमण को लेकर तिल्दा-नेवरा तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसीलदार राम प्रसाद बघेल के निर्देशन में तहसील अमला मौके पर पहुंचा और सड़क किनारे लगाई गई गुमटियों को हटवाया।
बताया जा रहा है कि हाउसिंग बोर्ड के सामने सड़क किनारे लगातार गुमटियां बढ़ती जा रही थीं। इससे सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण की स्थिति बनने के साथ आवागमन भी प्रभावित होने की आशंका थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान तहसील अमले ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर बिना अनुमति गुमटी अथवा अन्य संरचना नहीं लगाने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त
ग्राम कोहका में हाउसिंग बोर्ड के सामने हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। तहसील प्रशासन की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे का स्थान व्यवस्थित नजर आया।
तहसीलदार राम प्रसाद बघेल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे स्थानों पर प्रशासन द्वारा निरीक्षण और कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
