गुरुदेव न्यूज़ का असर: 24 घंटे में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से 6.84 बल्क लीटर देशी मसाला शराब जब्त

तिल्दा-नेवरा। ग्राम छपोरा में नाबालिग द्वारा कथित रूप से अवैध शराब बिक्री किए जाने के मामले को लेकर गुरुदेव न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी टीम ने वार्ड क्रमांक 05, ग्राम छपोरा में एक नाबालिग अपचारी बालक के कब्जे से 38 नग पाव देशी मदिरा मसाला (शोले), कुल 6.84 बल्क लीटर शराब बरामद कर जब्त की है। कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने नाबालिग के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

रिश्तेदार के रिहायशी मकान की बाड़ी से बरामद हुई शराब

आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को अवैध रूप से मदिरा धारण किए जाने की सूचना पर आबकारी टीम ने वार्ड क्रमांक 05, ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अपचारी बालक प्रदीप कोसले, पिता गोकुल कोसले के रिश्तेदार के रिहायशी मकान की बाड़ी से 38 नग पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) बरामद की गई।

जब्त शराब की कुल मात्रा 6.84 बल्क लीटर बताई गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

मामले में आबकारी विभाग ने अपचारी बालक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया है। विभाग के अनुसार अपचारी बालक को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

प्रकरण का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त तिल्दा मेधा मिश्रा द्वारा किया गया।

टीम की कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में आबकारी आरक्षक जितेन्द्र मिश्रा, अमिताभ ध्रुव एवं वाहन चालक रेवाराम का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों के निर्देश एवं मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

खबर के बाद हरकत में आया विभाग

गौरतलब है कि ग्राम छपोरा में नाबालिग से कथित रूप से शराब बिक्री कराए जाने को लेकर गुरुदेव न्यूज़ ने मामले को प्रमुखता से उठाया था। खबर में मौके की स्थिति और नाबालिग के माध्यम से शराब बिक्री के आरोपों को सामने लाया गया था। खबर प्रकाशित होने के महज 24 घंटे के भीतर आबकारी विभाग की कार्रवाई सामने आने से इसे गुरुदेव न्यूज़ की खबर का असर माना जा रहा है।

हालांकि, नाबालिग को शराब उपलब्ध कराने अथवा बिक्री के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, यह जांच का विषय है। आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे मामले में आगे की जांच और संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका पर नजर रहेगी।

गुरुदेव न्यूज़ की खबर का असर—अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *