
तिल्दा-नेवरा। सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय कोहका-नेवरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की कार्यप्रणाली, महाविद्यालयीन अनुशासन, नियमों तथा शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि रायपुर जिला एवं भाजपा नेता अनिल अग्रवाल तथा भाजपा नेता राम पंजवानी की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। दोनों नेताओं ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अनिल अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवावस्था ऊर्जा और संभावनाओं से भरा दौर है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा मोबाइल फोन का सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर परिवार, महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
भाजपा नेता राम पंजवानी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। मंच पर कोहका सरपंच तेजराम वर्मा, उद्योगपति एवं दानदाता नीरज अग्रवाल सहित अतिथि राजेंद्र वर्मा, गौरव अग्रवाल एवं अलख साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एल. वर्मा ने की तथा समन्वयक की भूमिका डॉ. जावेद के. शाह ने निभाई।
प्राचार्य डॉ. एम. एल. वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने पर केंद्रित है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ महाविद्यालयीन जीवन का सदुपयोग करने की सीख दी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संगीता बंजारे ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. आशीष कुमार आसटकर ने किया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में नव-प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
