
तिल्दा-नेवरा। सावन के पावन अवसर पर 25 अगस्त 2026 को वार्ड नंबर 21, तिल्दा-नेवरा में शिव परिवार मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस यात्रा में मोहल्लेवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत वार्ड नंबर 21 स्थित शिव मंदिर से हुई। कांवड़ियों ने शीतला माता मंदिर पहुंचकर जल भरा और वहां से मावली माता मंदिर होते हुए वापस वार्ड नंबर 21 स्थित शिव मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भगवान शिव को अर्पित कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्ति और धार्मिक जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। मोहल्लेवासियों के सहयोग और सहभागिता से कांवड़ यात्रा को भव्य स्वरूप मिला।
इस आयोजन के आयोजक श्री राजेश आरकेल, अविनाश आरकेल एवं अभिषेक आरकेल रहे। वहीं समस्त मोहल्लेवासियों ने आयोजन में सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिव परिवार मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने वार्ड में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
