
तिल्दा-नेवरा। ग्राम भूमिया साकरा में नेशनल हाईवे क्रॉसिंग के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी पुलिस दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस टीम के साथ मौके पर मोर्चा संभाला और यातायात एवं कानून-व्यवस्था को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मांगें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की समझाइश दी तथा हाईवे पर यातायात बाधित होने से आम राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए चक्काजाम समाप्त करने की अपील की।
पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
पुलिस की समझाइश और ग्रामीणों से हुई बातचीत के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराया और वाहनों की आवाजाही पुनः सामान्य हो गई।
ग्रामीणों ने हाईवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भविष्य में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी और पुलिस टीम की तत्परता से स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर लिया गया।
