सिंधी कैंप की जर्जर सड़क पर मलबा डालने से बढ़ी परेशानी, पार्षद किरण बाला नायक ने जताई कड़ी नाराजगी

सिंधी कैंप की जर्जर सड़क पर मलबा डालने से बढ़ी परेशानी, पार्षद किरण बाला नायक ने जताई कड़ी नाराजगी

तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत डॉलर जनरल के पास स्थित सिंधी कैंप की जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वार्ड की पार्षद किरण बाला नायक ने नगर पालिका के इंजीनियरिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत के नाम पर बजरी डालने के बजाय मलबा डाल दिया गया, जिससे सड़क की स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो गई है और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।

पार्षद किरण बाला नायक ने बताया कि उक्त सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है। स्थानीय नागरिकों की सुविधा को देखते हुए यहां बजरी डालकर सड़क को समतल किया जाना चाहिए था, लेकिन इसके स्थान पर मलबा डाल दिया गया। उनका कहना है कि इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने भी सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मरम्मत के नाम पर किया गया यह कार्य राहत देने के बजाय नई समस्या बन गया है। बरसात के कारण सड़क पर आवागमन पहले ही कठिन है, ऐसे में मलबा डालने से स्थिति और अधिक खराब हो गई है।

इस संबंध में नगर पालिका के इंजीनियर से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए सड़क पर अस्थायी रूप से मलबा डाला गया है, ताकि तत्काल कुछ हद तक आवागमन जारी रह सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, सड़क की विधिवत मरम्मत कराई जाएगी। इंजीनियर ने कहा, “मरम्मत का कार्य 100 प्रतिशत किया जाएगा। अभी केवल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अस्थायी व्यवस्था के रूप में मलबा डाला गया है।”

वहीं, पार्षद किरण बाला नायक ने मांग की है कि मौसम सामान्य होते ही सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने और सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *