
तिल्दा-नेवरा। तिल्दा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसी में दुकान निर्माण एवं आवंटन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत तुलसी की निवासी सोमती जांगड़े ने प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, तुलसी ग्राम और तिल्दा नगर पालिका के मुख्य मार्ग पर स्थित साईं मंदिर के समीप लगभग आधा एकड़ भूमि (खसरा क्रमांक 469/1) पर वर्ष 2024 में कथित रूप से अवैध तरीके से 31 दुकानों का निर्माण कर उन्हें लगभग 11-11 लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि शिकायत मिलने पर तत्कालीन एसडीएम प्रकाश टंडन द्वारा निर्माणाधीन दुकानों पर कार्रवाई की गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उसी भूमि पर दोबारा 31 दुकानों के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पारित कराया गया और प्रत्येक दुकान को लगभग 13 लाख रुपये में बेचे जाने की बात कही गई। शिकायत में दावा किया गया है कि पंचायत अभिलेखों में दुकानों की कीमत मात्र 2 लाख रुपये दर्शाकर रसीद काटी गई, जबकि शेष राशि का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकानों के आवंटन के लिए निर्धारित टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने मंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शासन को हुए संभावित राजस्व नुकसान का आकलन करने तथा यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब यह मामला प्रशासनिक स्तर पर जांच का विषय बन गया है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो पंचायत स्तर पर दुकान निर्माण एवं आवंटन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। वहीं, संबंधित पक्ष का जवाब और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।
