तिल्दा नेवरा थाना में भावभीनी विदाई: उप निरीक्षक विकास देशमुख के थाना प्रभारी पद पर पदोन्नत होने पर सम्मान समारोह आयोजित

तिल्दा नेवरा थाना में भावभीनी विदाई: उप निरीक्षक विकास देशमुख के थाना प्रभारी पद पर पदोन्नत होने पर सम्मान समारोह आयोजित

तिल्दा नेवरा। तिल्दा नेवरा थाना में पदस्थ उप निरीक्षक विकास देशमुख के थाना प्रभारी के पद पर पदोन्नत होकर सूरजपुर थाना प्रभारी नियुक्त होने पर शनिवार को तिल्दा नेवरा थाना परिसर में भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री देशमुख को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि उप निरीक्षक विकास देशमुख ने तिल्दा नेवरा में अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्ष कार्यशैली तथा जनसामान्य के प्रति संवेदनशील व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई। कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा विभिन्न सामाजिक और जनजागरूकता अभियानों में उनका योगदान सराहनीय रहा। उनके नेतृत्व, सहयोगात्मक स्वभाव और टीम भावना को हमेशा याद रखा जाएगा।

विदाई समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विकास देशमुख को पदोन्नति की बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे सूरजपुर थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता से पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे तथा आम जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विकास देशमुख ने तिल्दा नेवरा थाना परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तिल्दा नेवरा में मिला सहयोग, स्नेह और अपनापन उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे पूरी टीम का सहयोग होता है और यहां के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने हमेशा परिवार की तरह साथ दिया, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं।

कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा। साथियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह का समापन शुभकामनाओं एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *