तिल्दा-नेवरा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव सम्पन्न, मंत्री टंकराम वर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत

तिल्दा-नेवरा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव सम्पन्न, मंत्री टंकराम वर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत

तिल्दा-नेवरा। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन तिल्दा-नेवरा में प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, गुलाल, पुष्पमाला एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, स्कूल बैग एवं पानी की बोतलों का वितरण किया गया। वहीं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा शिक्षा किट एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों का स्मृति-चिन्ह देकर सम्मान किया गया। साथ ही विद्यालय की 32 छात्राओं को साइकिलों का वितरण कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया।

अपने संबोधन में जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने शिक्षकों से बच्चों के प्रति माता-पिता जैसा स्नेह एवं समर्पण रखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुँचने से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है।

मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने “संकल्प से सिद्धि” का मंत्र देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने एक बाँध के निर्माण का उदाहरण देकर बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का समन्वय है। विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को भी आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में अनुशासन, मर्यादा और सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के पूजन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ, जिसकी प्रस्तुति सरस्वती शिशु मंदिर, नेवरा के विद्यार्थियों ने दी। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर, जिला समन्वयक अरुण शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, विकासखंड समन्वयक देवेंद्र ठाकुर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीकेश्वर जाहिरे, प्राचार्य डॉ. राजेश चदानी, प्राचार्य डॉ. सुभाषचंद्र शर्मा तथा ईशा रानी खलको सहित अन्य अधिकारियों एवं प्राचार्यों ने किया।

कार्यक्रम में, केरल पब्लिक स्कूल, कार्मेल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। मार्चपास्ट एवं पुष्पवर्षा ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विकासखंड को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के तहत उपस्थित जनसमूह को साक्षरता की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सभापति शैल साहू, दुलारी सुरेंद्र वर्मा, अनिल अग्रवाल, राम पंजवानी, मनोज निषाद, नरसिंह वर्मा, सुरेश वर्मा, डॉ. लक्ष्मण साहू, शिक्षा सभापति नरेंद्र शर्मा, सौरभ जैन, अनुराधा वर्मा, राजकुमार गेंडरे, सभी संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने दिया। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीकेश्वर जाहिरे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नरोत्तम ध्रुव एवं ऋषि कुमार वर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *